अलीगढ़ के सीडीओ अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक हुई। जहां नाबार्ड द्वारा जारी पुस्तक संभाव्यता युक्त ऋण योजना 2023-24 का विमोचन भी किया गया। अच्छा कार्य करने के लिये छह शाखा प्रबन्धकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
सीडीओ अंकित खण्डेलवाल द्वारा वित्तीय समावेशन योजनाओं, आरसेटी, वित्तीय समावेशन को प्राप्त करने के लिये वित्तीय साक्षरता प्रयास, ऋण जमा अनुपात में अपेक्षित वृद्धि, वार्षिक ऋण योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, ओडीओपी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन एवं पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर समीक्षा की। सीडीओ ने स्वीकृत आवेदन पत्रों पर शीघ्रता से ऋण वितरण करने एवं ऋण रिकवरी के लिये आरसी पोर्टल पर अपलोड करने के बाद दो दिन में हार्डकॉपी कलैक्ट्रेट पटल पर भेजने के निर्देश दिये।
लीड बैंक मैनेजर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में 6673 किसान क्रेडिट कार्ड के सापेक्ष 81639 केसीसी वितरित किये गये जो लक्ष्य का 122 प्रतिशत है। पीएमईजीपी योजना में मार्जिन मनी के लक्ष्य 330.60 लाख के सापेक्ष 377.73 लाख की स्वीकृति प्रदान की गयी। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में मार्जिन मनी के लक्ष्य 217.28 लाख के सापेक्ष 242.38 लाख की मार्जिन मनी के 71 ऋण स्वीकृत किये गये। ओडीओपी योजना में मार्जिन मनी का लक्ष्य 420 लाख के सापेक्ष 508.52 लाख की मार्जिन मनी के 404 ऋण स्वीकृत किये गये। माटीकला योजना में 15 लाख के 5 ऋण आवेदन स्वीकृत हुए है एवं 13 लाख के 4 आवेदनों में ऋण वितरण कर शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में सितम्बर तिमाही तक 250.04 करोड़ का 34729 लाभार्थियों को ऋण वितरण किया गया। पीएम स्वनिधि योजना में जनपद यूएलवी श्रेणी में 26474 आवेदनों में ऋण वितरण कर सम्पूर्ण भारत में दूसरे एवं उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर सबसे ज्यादा ऋण वितरण करने वाला जनपद है।
ये ब्रांच मैनेजर हुए सम्मानित
सर्वाधिक सीसीएल स्वीकृत करने के लिये सुबोध कुमार गौतम, मुनेशपाल सिंह, नीरज कौशिक, पीयुष, अजय प्रकाश एवं ब्रह्मजीत सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।