तहसील कोल क्षेत्र के गांव रामगढ़ पंजीपुर में सोमवार को सरकारी भूमि पर कब्जे को हटाने पहुंची राजस्व टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। राजस्व टीम ने ग्राम प्रधान पर सरकारी जमीन कब्जाने और धमकाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को मामले में जानकारी दी है। एसडीएम ने ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंचायती राज विभाग को पत्र लिखा है।
गांव रामगढ़ पंजीपुर में अवैध कब्जों की शिकायत को लेकर राजस्व विभाग टीम ने गांव पहुंचकर जमीन की पैमाइश की। माजरा नगला पटवारी में टीम को गाटा संख्या 285 में नवीन परती की 800 वर्ग मीटर जमीन मिली। आरोप है कि ग्राम प्रधान और उसके भाईयों द्वारा इस जमीन पर कब्जा किया जा रहा था।
राजस्व निरीक्षक मकरध्वज, लेखपाल स्वेत निशा वर्मा आदि टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध कब्जे को ध्वस्त करा दिया। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम प्रधान बबलू अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने टीम को घेर लिया। किसी तरह पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर वहां से हटाया।
इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल स्वेत निशा ने एसडीएम कोल संजीव ओझा को रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रधान पर जमीन कब्जाने के साथ ही धमकी देने का भी आरोप लगाया है। एसडीएम ने इस मामले में पंचायती राज विभाग को पत्र भेजकर ग्राम प्रधान पर कार्रवाई करने के लिए कहा है। उधर, ग्राम प्रधान बबलू ने लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्होंने किसी सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं किया है।