जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (जेएन मेडिकल) के ब्लड बैंक में डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की बजाय सुरक्षा कर्मी ब्लड सैंपल ले रहे हैं। कांग्रेस व छात्र नेता राजा भैया ने एएमयू इंतजामिया से इसकी शिकायत की है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं स्वास्थ्य मंत्री से भी शिकायत की है। इस प्रकरण में एएमयू की ओर से जांच कमेटी बनाई गई है।
छात्र नेता का कहना है कि जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों एवं तीमारदारों को ब्लड बैंक में सैंपल लेकर जाने और ब्लड देने में परेशान होना पड़ रहा है। आरोप है कि ब्लड बैंक में भेजे जाने वाले सैंपल को वहां तैनात डॉक्टर व स्टाफ की बजाय सुरक्षा कर्मी अपने हाथों लेकर जमा कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, लैब टेक्नीशियन की जगह सुरक्षा कर्मी ही मरीजों के तीमारदार रक्तदाताओं से ब्लड ले रहे हैं। छात्र नेता का कहना है कि ब्लड सैंपल संग्रहित करने एवं ब्लड लेने जैसे महत्वपूर्ण कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है। इससे मरीजों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
छात्र नेता ने बताया कि 16 अगस्त की रात को ब्लड बैंक में कोई भी लैब टेक्नीशियन मौजूद नहीं था और सुरक्षा कर्मी ही ब्लड ले रहे थे। छात्र नेता ने एएमयू इंतजामिया से शिकायत करते हुए आरोपो से जुड़े साक्ष्य एवं वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं। प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली ने बताया कि छात्र नेता के आरोपों की जांच को डॉ. मसूद के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।