अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य ओमप्रकाश नायक ने कहा है कि आर्थिक एवं सामाजिक तरक्की के लिए आवश्यक है कि बंजारा समाज को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिया जाए। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। वे शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को नई दिल्ली तालकटोरा स्टेडियम में लखीशाह बंजारा की 440वीं जयंती मनाई जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में देशभर के जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
केंद्र एवं राज्य में बंजारा विकास बोर्ड का गठन करने के साथ ही एक स्थान पर 500 से अधिक निवासरत बंजारा परिवार समूह को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने जैसी विभिन्न मांगों को तालकटोरा स्टेडियम में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार सबका-साथ, सबका-विकास, सबका-विश्वास प्राप्त करते हुए जनसामान्य के हित में काम कर रही है।
देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क के साथ ही हवाई कनेक्टिविटी पर जोर दिया गया है। बंजारा समाज विभिन्न प्रांतों में कई वर्गों में बंटा हुआ है। आर्थिक एवं सामाजिक तरक्की के लिए आवश्यक है कि बंजारा समाज को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार बंजारा समाज की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। आयोग ने अपनी प्रतिबद्धता एवं संवेदनशीलता को दर्शाते हुए बंजारा समाज को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाए जाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। इस अवसर पर टिंकू सिंह नायक, भानू प्रकाश, कुंवर पाल सिंह, ओमप्रकाश मुनीम, राजेंद्र सिंह नायक, शिवम नायक, पिंटू नायक, प्रवीन नायक, विजय पंडित, बनवारी लाल प्रधान, विक्रम सिंह, महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।