न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जिले में शनिवार एवं रविवार को 38 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा ग्रुप बी और सी पदों पर भर्ती के लिए एक ही प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) संपन्न होगी। इस परीक्षा में करीब 72 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। पहले दिन दोनों पालियों में करीब 36 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
एडीएम सिटी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रत्येक पाली में 18 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। दो दिन में होने वाली परीक्षा की चारों पालियों में कुल 72 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्वक एवं नकल विहीन संपन्न कराने के लिए 13-13 जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 38 स्टेटिक मजिस्ट्रेट हरेक गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए सरकार की ओर से ट्रेनों एवं रोडवेज बसों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। रेलवे एवं रोडवेज के अफसरों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया है।