जिले में राशन की कालाबाजारी नहीं रुक पा रही है। पूर्ति विभाग ने देहलीगेट क्षेत्र में बुधवार देर रात एक गोदाम से राशन का 154 क्विंटल चावल बरामद किया है। इस मामले में चावल एवं भवन स्वामी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय के नेतृत्व में पूर्ति विभाग की टीम ने गोपनीय सूचना पर देहलीगेट इलाके के मलिक चौक स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। यहां टीम को राशन का चावल भरे होने की शिकायत मिली थी।
टीम ने गोदाम को खुलवाकर जांच की तो वहां करीब 154 क्विंटल चावल रखा मिला, जिसे टीम ने जब्त कर लिया। जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि राशन के चावल की कालाबाजारी के मामले में चावल मालिक भोला ठाकुर एवं भवन स्वामी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि राशन की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।