झारखंड से लाई गई महिलाओं से शादी कराने वाला गैंग लूटमार कर रहा था। अतरौली के व्यक्ति की शिकायत पर मंगलवार को पकड़े गए गैंग से यह खुलासा हुआ है। फर्जी शादी का नाटक कर गैंग की महिला जिस घर में जाती थी, उस घर में सुहागरात की रात परिवार को नशीली दवा से बेहोश कर माल लूटकर ले आती और फिर ये लोग शहर छोड़कर लापता हो जाते। हाल ही में इन्होंने मुजफ्फरनगर में ऐसी एक वारदात स्वीकारी है और अतरौली के व्यक्ति के साथ भी यही वारदात होनी थी, मगर उससे पहले गैंग पकड़ा गया। सभी आठ लोगों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत के अनुसार अतरौली के राजेश ने यह आरोप लगाया था कि पहली पत्नी की मौत के बाद वह दूसरी शादी के फेर में इस गैंग के संपर्क में आया। इस गैंग ने उसे पहले झारखंड बुलाया और वहां ढाई लाख रुपये छीनकर उसे पीटकर भगा दिया। इसके बाद भी वह बदले के इरादे से इस गैंग के संपर्क में रहा और झांसा देकर सभी को यहां बुला लिया। मंगलवार को गैंग को गांधीपार्क पुलिस की मदद से पकड़ लिया गया। जिनमें फूलवती र्टिकी निवासी सुगडा थाना सिमडेगा झारखंड, उर्मिला देवी निवासी कोठी थाना जाडी गुमला, शांति देवी निवासी लोहरदगा, नफीसा बेबी निवासी सुरंदा बानटोली थाना भांड्रा लोहरदगा, झारखंड, रहीम अंसारी, कलाम खान हाल निवासी राइट लोधा मूल निवासी झारखंड, सईद अंसारी निवासी जीतलीद थाना पैये लोहरदगा झारखंड, लक्ष्मण लोहरा निवासी पौहाहा थाना भाद्रा जिला लोहरदगा शामिल हैं।