रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर दिल्ली से महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए बीमार बहन को लेकर प्रयागराज जा रहे भाई का रास्ते में बहन का साथ छूट गया। ट्रेन में सफर के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज मिल पाता इससे पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। ट्रेन के अलीगढ़ स्टेशन पर पहुंचने पर शव को उतारकर जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराया है।
प्रयागराज के थाना व कस्बा करछना निवासी श्रीभगवान के अनुसार उनके बहनोई की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। 35 वर्षीय बहन शिव दुलारी अपनी दस साल की बेटी के साथ मायके में ही रह रही थीं। बहन लंबे समय से बीमार थी। दिल्ली के एम्स से उपचार चल रहा था। बुधवार को महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए बहन को दवा दिलाकर वह घर लौट रहे थे। गाजियाबाद स्टेशन निकलते ही बहन की तबीयत बिगड़ने लगी। इस पर उन्होंने रेलवे स्टाफ से मदद मांगी।
कंट्रोलर के जरिए अलीगढ़ स्टेशन पर डॉक्टर एवं स्टाफ को बुलाया गया। ट्रेन स्टेशन पर पहुंची और डॉक्टर ने परीक्षण किया तब तक शिव दुलारी की मौत हो चुकी थी। इस पर ट्रेन से जीआरपी एवं आरपीएफ की टीम ने महिला के शव को नीचे उतार लिया। भाई श्रीभगवान का रो-रोकर बुरा हाल था। उनका कहना था कि रक्षाबंधन से पहले बहन का साथ छोड़कर जाना उन्हें हमेशा दुख देता रहेगा।