अलीगढ़। एएमयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में शहर के महापौर मोहम्मद फुरकान में लोगों से अपील की है कि वह अपने घरों में रहकर ही नमाज पढ़ें। उन्होंने कहा है कि महामारी का यह समय चल रहा है इसको किसी धार्मिक दृष्टिकोण से देखना उचित नहीं है । इस स्थिति का सामना सभी को मिलकर करना है । कुछ लोग जो इसे धार्मिक आधार पर देख रहे हैं उन्हें अपने दृष्टिकोण में सुधार करना चाहिए। उन्होंने बताया कि 14 वेंं वित्त आयोग के मद से उन्होंने डेढ़ करोड़ रूपया इस आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन के लिए दिया है । इसमें 25 लाख रुपया स्वास्थ्य विभाग को जाएगा। मेयर मोहम्मद फुरकान ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी बेहद चुनौतीपूर्ण स्थितियों में काम कर रहे हैं । उनका यह काम सराहनीय है। इसके अलावा यह हमारे लिए बहुत राहत की बात है कि अलीगढ़ में अभी तक कोई भी मामला कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है । इसके लिए जिला प्रशासन बधाई का पात्र है । स्वयं जिलाधिकारी लगे हुए हैं कि यह यहां पर महामारी न फैले । कुछ जगहों से समस्याएं आई हैं लेकिन आपदा की स्थिति को देखते हुए वह कुछ भी नहीं है । हमें पूरा भरोसा है कि हम सभी लोग आपस में मिलजुल कर इस आपदा पर विजय प्राप्त कर लेंगे।