न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
नगरीय निकाय चुनावों को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। परिसीमन से अप्रभावित नगर निकाय, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों में 20 अक्तूबर तक बीएलओ द्वारा मतदान स्थल के सभी मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन की कार्रवाई एवं निर्वाचक नामावली में वृद्धि, शुद्धि एवं लोप की कार्रवाई होगी। 21 अक्तूबर को आलेख्य प्रकाशन होगा।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों के साथ नगरीय निकायों की निर्वाचक नामावली में परिसीमन के उपरांत मतदाताओं के स्?थानांतरण एवं सत्यापन को लेकर चर्चा हुई। जिसमें निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण के लिए बीएलओ, पर्यवेक्षक एवं सेक्टर ऑफिसर की नियुक्ति, नगर निकायवार वार्ड, मतदाताओं, मतदान स्थलों, केंद्रों की संख्यात्मक आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई।
डीएम ने सभी एसडीएम और अधिशासी अधिकारियों को नगरीय निकायों की निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की तैयारियों के साथ मतदान केंद्रों को स्थलीय निरीक्षण करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे निर्वाचक नामावली संबंधित कार्यों को गंभीरता एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। डीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने प्रत्येक मतदेय स्थल पर एक बीएलओ, पर्यवेक्षक एवं सेक्टर ऑफिसर की तैनाती करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अपनी तहसीलों में आने वाले नगर निकायों में बीएलओ, पर्यवेक्षक एवं सेक्टर ऑफिसर की नियुक्ति कर निर्धारित प्रारूप पर निर्वाचन कार्यालय को जल्द उपलब्ध कराएं। एडीएम प्रशासन डीपी पाल ने बताया कि परिसीमन से प्रभावित नगर पालिका परिषद में चार अक्तूबर तक, सीमा विस्तारित निकाय में वार्ड वार मतदाताओं के स्थानांतरण की कार्रवाई एवं पांच अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक बीएलओ द्वारा वार्ड वार स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन और मतदान स्थल के सभी मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन करके वृद्धि, शुद्धि या लोप की कार्रवाई की जाएगी।
ये है स्थिति
नगर पालिका परिषद = खैर, अतरौली
नगर पंचायत = हरदुआगंज, जलाली, पिलखना, विजयगढ़, छर्रा, बेसवां, जट्टारी
नवसृजित नगर निकाय = मडराक, टप्पल, पिसावा, चंडौस, गभाना, बरौली, जवां- सिकंदरपुर
सीमा विस्तारित निकाय = नगर निगम अलीगढ़, नगर पंचायत इगलास, कौड़ियागंज, चंडौस