फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : कृषि मंत्री ने खेतों में पहुंचकर देखी फसलों की बर्बादी

विज्ञापन
विज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पूर्व कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार सुबह जिले की कानून व्यवस्था के साथ ही विकास कार्यों की सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समीक्षा की। इसके अलावा, वह विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह के साथ छर्रा क्षेत्र के कई गांवों में गए, वहां खेतों में पहुंचकर बारिश से हुए फसलों के नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा के कारण उत्पन्न विषम परिस्थितियों में संचारी रोग और राहत कार्यों की जानकारी ली।
सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक में सांसद सतीश गौतम ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत शहर के विकास के नाम पर करोड़ों रुपये की धनराशि खर्च की जा रही है, परंतु धरातल पर आमजन को इससे परेशानी हो रही है। मंडलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को थोड़ी-बहुत समस्याएं आती ही हैं। किसी प्रोजेक्ट के बारे में जब तक वह कार्य पूर्ण न हो, अवधारणा बनाना उचित नहीं है। मंडलायुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना में तीसरे स्टेज में जनपद का चयन हुआ है। स्पोर्ट्स कांपलेक्स, बाराद्वारी मल्टी लेवल पार्किंग, हैबिटेट सेंटर, अचल ताल सौंदर्यीकरण आदि बड़े प्रोजेक्ट हैं। संपूर्ण भारत में कार्य प्रगति में अलीगढ़ की 36 वीं रैंक है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या से निजात के लिए सड़क एवं फ्लाईओवर भी बनाए जा सकते हैं। पेयजल व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुझाव प्राप्त कर प्रयोग में लाएं। कृषि मंत्री ने कहा कि हर घर जल योजना में खोदी जा रही सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। उप कृषि निदेशक यशराज सिंह को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लाभान्वित कराया जाए। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने लंपी बीमारी एवं वैक्सीनेशन अभियान की जानकारी दी।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने जनप्रतिनिधियों द्वारा कानून व्यवस्था के संबंध में नाराजगी प्रकट करने पर बताया कि कुछ अप्रिय घटनाएं हुई हैं, परंतु तत्काल संज्ञान लेकर विधिक एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर राज्य मंत्री जसवंत सैनी, हाथरस सांसद राजवीर दिलेर, विधायक राजकुमार सहयोगी, ठा. रवेंद्र पाल सिंह, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, चौधरी ऋषिपाल सिंह, ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष ठा. श्योराज सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक दीपक कुमार, नगर आयुक्त अमित आसेरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

हैबिटेट सेंटर, अचल ताल एवं छर्रा अड्डा पंपिंग स्टेशन का किया निरीक्षण
प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सांसद सतीश गौतम, कोल विधायक अनिल पाराशर के साथ हैबिटेट सेंटर, अचल ताल और छर्रा अड्डा पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। नव नर्मित हैबिटेट सेंटर का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को इसका लोकार्पण करेंगे। निरीक्षण के बाद वह अचलताल पहुंचे। सांसद ने अचल ताल में मूर्ति के प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने एवं मूर्ति के मुख की दिशा बदलवाने का सुझाव दिया। कृषि मंत्री ने निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश नगर निगम एवं अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड टीम को दिए। इसके बाद कृषि मंत्री गिलहराज मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। मंदिर के आसपास गंदगी देखकर नाराजगी जताई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें