न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
प्रयागराज मंडल के एडीआरएम संजय सिंह ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर मिली खामियों को लेकर नाराजगी व्यक्त की और सुधार के निर्देश दिए हैं।
प्रयागराज से सड़क मार्ग से अलीगढ़ पहुंचे एडीआरएम संजय सिंह ने स्टेशन के पैदल पुल के साथ ही प्लेटफार्म दो से सात तक का निरीक्षण किया। स्टेशन पर सफाई व्यवस्था से वे खुश दिखे। एडीआरएम ने एसपी सिटी कार्यालय की ओर बनाए जा रहे पैदल पुल के निर्माण के साथ ही मालगोदाम साइड में चल रहे बिल्डिंग निर्माण एवं सीडी साइडिंग के यार्ड के कार्य में तेजी लाने और तय समय सीमा में कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर मिली अव्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अफसरों को सुधार के निर्देश दिए। एडीआरएम ने स्टेशन, सीडी साइडिंग के अलावा महरावल स्टेशन पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने अफसरों से कहा कि रेलवे का पूरा जोर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने एवं आय को बढ़ाने पर है। निरीक्षण के समय सीनियर डीसीएम विपिन कुमार, सीएमआई संजय शुक्ला, डिप्टी एसएस राजाबाबू आदि मौजूद रहे।