पावर कॉरपोरेशन में विद्युत कर्मचारियों और अधिकारियों की हड़ताल रविवार दोपहर खत्म होने के बाद सोमवार से सामान्य दिनों की तरह कामकाज शुरू हो गया। अब पूरा सिस्टम हड़ताल से लौटने के बाद चार दिन की हड़ताल में हुई 40 करोड़ के नुकसान की भरपाई में जुट गया है। सामान्य दिनों की तरह काउंटरों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक बिल जमा हो रहे हैं। बाकी काम भी सामान्य दिनों की तरह हो रहे हैं।
विद्युत कर्मचारी व अधिकारियों के द्वारा बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार के बाद शुक्रवार से हड़ताल शुरू की गई। यह हड़ताल 72 घंटे के लिए थी। मगर शासन के प्रयास के बाद हड़ताल रविवार को 64 घंटे में ही खत्म कर दी गई। इस चार दिन में शहर में आपूर्ति व्यवस्था तो लडख़ड़ा गई। मगर हड़ताल खत्म होते ही रविवार शाम आठ बजे तक आपूर्ति दुरुस्त करा दी गई।
इधर, नगर क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता एसके जैन व संघर्ष समिति के संयोजक अधिशासी अभियंता राहुल बाबू बताते हैं कि अब रुटीन काम शुरू हो गए हैं। लक्ष्य के अनुसार बकाया वसूली, चेकिंग व अन्य विभागीय कार्य पटरी पर आ गए हैं। चार दिन में जो वसूली का नुकसान हुआ है। उसकी भरपाई के लिए भी टीमें जुट गई है।
बारिश में दोपहर को फिर गड़बड़ाई कई इलाकों में आपूर्ति
दिन में मौसम बिगडऩे पर बारिश के दौरान शहर के कुछ इलाकों में आपूर्ति व्यवस्था गड़बड़ाई। हालांकि सूचना पर पहुंची विद्युत टीमों ने आपूर्ति को आनन फानन दुरुस्त किया। इस दौरान सबसे अधिक समस्या खैर रोड इलाके में देखने को मिली। इसके बाद देर शाम तक सभी जगह आपूर्ति दुरुस्त कर दी गई।