डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि दशहरा एवं दीपावली आदि त्योहारों पर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। मिलावट करने वालों की धरपकड़ कर उनके खिलाफ जुर्माना आदि की कड़ी कार्रवाई की जाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय खाद्य एवं औषधि सतर्कता समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि वर्ष 2022-23 में अगस्त तक जनपद में 1595 निरीक्षण कर 260 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जिनमें से 163 अधोमानक, 50 असुरक्षित एवं 28 मामलों में नियमों का उल्लंघन समेत कुल 241 नमूने मानक के विपरीत मिले। उन्होंने बताया कि नमूना संकलन में जनपद का मंडल में पहला और प्रदेश में आठवां स्थान है। उन्होंने बताया कि अभियोजन कार्रवाई में 49.84 लाख रुपये का जुर्माना वसूलकर अलीगढ़ मंडल में प्रथम और प्रदेश में पांचवें स्थान पर है।
उन्होंने बताया कि जनपद में मैरिस रोड स्थित लेमन ट्री एवं मंजूरगढ़ी स्थित जाईडस वैलनेस का ईट राइट कैम्पस का प्रमाणीकरण हो गया है। मंगलायतन विश्वविद्यालय, श्री र्साइं आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं होटल रमाडा का प्रमाणीकरण एफएसएसएआई के स्तर पर लंबित है। लेडी फातिमा स्कूल पर क्लीन स्ट्रीट फूड हब का एजेंसी द्वारा ऑडिट हो गया है। बैठक में सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सुभाष गौतम, जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।