भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि अखिलेश, ओवैसी व अधीर रंजन चौधरी के शरीर में औरंगजेब, गोरी, बाबर की आत्मा घुस गईं हैं। ये लोग तुष्टीकरण के जरिये देश को चलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी का नमूना है कि देश की राष्ट्रपति पर अपमानजनक टिप्पणी कर आदिवासी समाज और महिलाओं का अपमान किया है। कांग्रेस अध्यक्ष खुद महिला हैं, फिर भी उन्होंने राष्ट्रपति से माफी नहीं मांगी है। अधीर रंजन जैसे लोगों को भारत में रहने का अधिकार नहीं है, उन्हें तो पाकिस्तान चले जाना चाहिए।
व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने यह बातें सोमवार को यहां प्रेसवार्ता और जिला कमेटी द्वारा आयोजित व्यापार गोष्ठी के दौरान कहीं। दुबे पड़ाव के एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में एक मुस्लिम गायिका ने हर हर शंभू गाना गाया, जिस पर उसका विरोध शुरू हो गया। यह निंदनीय है। देवबंद के मौलवियों को समझना चाहिए, यह देश सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को साथ में लेकर चलने वाला भगवान राम, कृष्ण का देश है। भाजपा देश में इकलौती व्यापारियों का सम्मान रखने वाली पार्टी है। 57 वर्ष कांग्रेस ने देश को और 17 वर्ष तक प्रदेश को सपा-बसपा ने लूटा। अखिलेश राज में अपराध के चलते व्यापारी पलायन को मजबूर थे। बड़े उद्यमी प्रदेश में कारोबार डालने को तैयार नहीं थे। मगर सरकार बदलते ही प्रदेश के अपराधी या तो प्रदेश छोड़ गए या यमराज के पास पहुंचा दिए गए। आज प्रदेश में व्यापारी लगातार तरक्की कर रहे हैं। उन्होंने 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर व्यापारी नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन संचालन जय गोपाल वीआईपी ने किया। इस मौके पर सुशील मित्तल, आशीष डिस्पोजल, आलोक प्रताप सिंह, संदीप वार्ष्णेय, प्रशांत वार्ष्णेय, अमित वर्मा, अजय शर्मा, विशाल आनंद, अभिनव माहेश्वरी, राजीव सक्सेना, विकास वार्ष्णेय, सतीश वार्ष्णेय, संजय शर्मा, प्रमोद कुमार सिंह, अमित सारस्वत, नीरज सिंह, संजीव सिंघल, कमल गुप्ता, अनिल राज गुप्ता आदि मौजूद रहे।