महानगर की शांति निकेतन कॉलोनी में बिना बैनामा कराए ही 25 वर्षों से कब्जा जमाए बैठे कब्जेदारों के 94 आवासों को खाली कराकर बेदखल किया जाएगा। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने इसकी तैयारी कर ली है। एडीए ने वर्ष 1997 में शाहजमाल क्षेत्र में शांति निकेतन कॉलोनी विकसित की थी।
इनमें 308 एलआईजी, 400 ईडब्लूएस एवं 94 डबल स्टोरी ईडब्ल्यूएस आवास बनाए थे। इसमें एलआईजी एवं ईडब्लूएस आवासों का आवंटन हो गया। आवंटियों से 10 फीसद धनराशि अग्रिम रूप में लेकर बैनामे करते हुए किस्तें तय कर दी। आवंटियों को आवासों पर कब्जा भी दे दिया गया।
डबल स्टोरी 94 ईडब्ल्यूएस आवासों का आवंटन नहीं हो सका। विभागीय अफसरों की मदद से इन आवासों पर बिना रजिस्ट्री-बैनामे कराए ही अवैध कब्जा कर लिया गया। वर्षों से तमाम लोग अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। इसकी पूरी रिपोर्ट एडीए की ओएसडी एवं प्रभारी सचिव बी अंजुम ने एडीए उपाध्यक्ष गौरांग राठी को सौंप दी है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में कुल 94 आवासों को खाली कराया जाएगा।
प्राधिकरण को आवंटित आवासों के लिए शुल्क न जमा करने वाले आवासों की याद आई थी। इसमें पुरानी फाइलों को निकलवाया गया। एडीए वीसी की ओर से 400 आवंटियों के खिलाफ नोटिस जारी कर बकाया किस्त जमा कराने के लिए कहा गया। बकाया जमा न करने पर आवंटन निरस्त कर दिया गया। आवंटी इसको लेकर कोर्ट पहुंच गए।