अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने भले ही महायोजना 2023 का प्रारूप तैयार कर लिया है, लेकिन इस बार भी शहरवासियों का अपने आशियाने का सपना केवल सपना ही बनकर रह गया है। माना जा रहा है कि बिल्डरों के दबाव में एडीए किसी तरह की योजना नहीं बना पा रहा है। हालांकि अफसर बजट न होने की बात कर रहे हैं।
एडीए ने अलीगढ़ में आवासीय योजना लांच करने का खाका तैयार किया है। एडीए तीन आवासीय योजना एक साथ लेकर आने की योजना बना रहा है। जमीन खरीदने के लिए सर्वे की तैयारी चल रही है। एडीए अफसरों की मानें तो शहर में तीन दिशाओं में आवासीय योजनाओं को विकसित किया जाएगा। सबकुछ योजना के मुताबिक रहा तो जल्द ही एडीए इसको लांच करेगा। 20 साल पहले एडीए ने आवासीय कॉलोनी विकसित की थी, लेकिन उसके बाद कोई भी आवासीय कॉलोनी विकसित नहीं की।
स्वर्णजयंती नगर विस्तार योजना, शांतिनिकेतन, एडीए फेस दो, एडीए फेस एक समेत कई कॉलोनियों को पूर्व में विकसित किया था, लेकिन लंबे समय से आवासीय कॉलोनी विकसित करने की ओर एडीए ने कदम नहीं बढ़ाया था। एडीए हाउसिंग के प्रोजेक्ट लेकर नहीं आ पा रहा था। एडीए वीसी अतुल वत्स ने चार्ज संभालने के बाद भौगोलिक स्थिति को देखा और यहां पर एडीए के प्रोजेक्ट की जांच की। इसमें पता चला कि लंबे समय से एडीए ने आवासीय प्रोजेक्ट लांच नहीं किया है। अब एडीए वीसी ने रामघाट रोड, आगरा रोड एवं खैर रोड पर आवासीय योजना विकसित कराने की तैयारी की है। तीनों स्थानों पर सर्वे कर लिया गया है। इसको लेकर स्थानीय अफसरों के साथ बैठक भी हो चुकी है।