दोदपुर में अवैध बिल्डिंग को किया गया सील।
- फोटो : CITY OFFICE
सिविल लाइंस क्षेत्र के दोदपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ एडीए ने मंगलवार को अभियान चलाया। टीम ने बिना नक्शा पास कराए ही एक भूखंड पर दूसरी मंजिल पर बनी करीब 50 से अधिक दुकानों को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में सील कर दिया।
टीम की इस कार्रवाई से इलाके में खलबली मच गई। एडीए उपाध्यक्ष गौरांग राठी के अनुसार दोदपुर तिराहे पर हुरी परवीन ने नक्शा पास कराए बिना ही दुकानों का निर्माण कराया है। इस पर इस भूखंड को सील कर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया था। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी पक्ष ने सील को तोड़कर दूसरी मंजिल पर दुकानों का निर्माण कर लिया था।
इस पर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। इसके बाद भी निर्माण कार्य जारी रहा। एसीएम द्वितीय सुधीर कुमार के नेतृत्व में एडीए की टीम ने भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची तो भवन स्वामी ने मुख्य द्वार पर ताला डाल दिया।
इस पर एडीए के कर्मचारियों ने सीढ़ियों की मदद से ऊपर चढ़कर करीब 50 अवैध दुकानों को सील कर दिया। उन्होंने बताया कि बिना नक्शा पास कराए ही इन दुकानों का निर्माण किया गया था। अवैध नि र्माण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ब्यूरो