अलीगढ़। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की टीम ने सोमवार को अवैध निर्माण को लेकर फिर से अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में एडीए की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में मंगलवार को 10 बीघा में बनी अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करा दिया गया।
एडीए अफसरों के अनुसार खैर रोड पर गल्फार कंपनी के पास लालजी ने करीब आठ साल पहले बिना नक्शा ही 10 बीघा भूमि क्षेत्रफल में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित कर रखी थी। एडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने इस अवैध कॉलोनी के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए। एडीए की टीम ने थाना लोधा क्षेत्र में पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सड़क एवं प्लॉट के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
एडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा लगातार अवैध निर्माण एवं विकास कार्यों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे मानचित्र स्वीकृत कराकर ही कॉलोनी विकसित करें और किसी भी अवैध कॉलोनी में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें। संवाद