बैग में राम मंदिर का निमंत्रण पत्र मिलने पर छात्रों को पीटने का आरोप प्रधानाचार्य पर लगा है। मामला तूल पकड़ने पर संघ के पदाधिकारी व स्थानीय भाजपा नेता स्कूल पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। इस मामले में कोतवाल का कहना है कि बच्चे निमंत्रण पत्र के लिए आपस में लड़ रहे थे। इस पर प्रधानाचार्य ने फटकार लगाई थी। मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। मामले में बीएसए ने जांच के आदेश दिए हैं।
गांव कमंडलपुर स्थित इंटर कॉलेज के कक्षा सातवीं के छात्र भूपेंद्र व नौवीं के छात्र विजय सिंह ने बताया कि उनके बैग में राम मंदिर का निमंत्रण पत्र था। इसे देखकर प्रधानाचार्य नाराज हो गए और उनकी पिटाई कर दी। मामले की जानकारी होने पर संघ के खंड प्रचार प्रमुख रवेंद्र सिंह ने भाजपा नेताओं को मामले से अवगत कराया। सूचना पर कोतवाल बृजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रों व गांव के लोगों से वार्ता कर जानकारी ली।
कोतवाल ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि चित्र को लेकर बच्चों में विवाद हो रहा था। प्रधानाचार्य ने बच्चों को शांत करने के लिए उन्हें डांट दिया, मामले को अनावश्यक रूप से हवा दी जा रही है। जांच के दौरान गांव के लोगों ने बताया कि प्रधानाचार्य स्कूल में अनुशासन का पालन कराते हैं। वहीं, प्रधानाचार्य हबीब खां ने बताया कि एक छात्र के पास चित्र था। जिसे लेकर तीन बच्चे आपस में छीनाझपटी व झगड़ा कर रहे थे। निमंत्रण पत्र फट न जाए, इसीलिए छात्रों को फटकारा था। बीएसए डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को भेज दिया है। उनके रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।