प्रमोद कुमार वार्ष्णेय । फाइल फोटो
- फोटो : CITY OFFICE
बन्नादेवी थाना क्षेत्र में एनएच-91 पर भीकमपुर मोड़ पर बुधवार दोपहर बलेनो कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक प्रॉपर्टी डीलर और एक राशन डीलर था। लोगों को एकत्रित होता देखकर चालक कार छोड़कर भाग गया।
महानगर के देहली गेट, प्रिंस नगर के 55 वर्षीय जसवंत सिंह प्रापर्टी डीलर थे। वे अपने साथ प्रतिभा कॉलोनी, बन्नादेवी निवासी 56 वर्षीय राशन डीलर प्रमोद गुप्ता को बाइक पर बैठाकर भीकमपुर में प्लॉट दिखाने ले गए थे। दोपहर करीब 11 बजे दोनों लौट रहे थे। तभी भीकमपुर मोड़ पर पीछे से आती तेज रफ्तार बलेनो कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों बुरी तरह बाइक सहित घिसट गए और बाइक के साथ कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
दोनों बाइक सवार भी जख्मी हो गए। यह देख राहगीर रुकने लगे तो कार सवार लोग कार छोड़कर भाग गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, मगर जसवंत की मौत हो चुकी थी, जबकि प्रमोद गुप्ता को कुछ देर के उपचार के बाद मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर दोनों के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मुकदमा दर्ज कर कार नंबर के आधार पर चालक को तलाशा जा रहा है। इनमें राशन डीलर प्रमोद अपने पीछे दो बेटी व एक बटे को बिलखता छोड़ गए हैं। इसी तरह जसवंत के परिवार में भी कोहराम मचा हुआ है।