रक्षाबंधन पर हुए अलग-अलग हादसों में दो लोग घायल हो गए। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हरदुआगंज के गांव सिल्ला का 30 वर्षीय राकेश कुमार बल्लभगढ़ में नौकरी करते थे। शुक्रवार को वह बाइक पर अपनी ससुराल राखी लेकर जा रहे थे। रास्ते में कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में घायल राकेश कुमार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां शुक्रवार की रात घायल ने दम तोड़ दिया।
वहीं गांधीपार्क क्षेत्र के सिंधौली गांव निवासी 42 वर्षीय सावित्री शुक्रवार को अपने भाई को राखी बांधने के लिए खुर्जा जा रही थी, तभी गांधीपार्क बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया। इससे वह बस के पहिये के नीचे आकर घायल हो गई थीं। उन्हें जिला अस्पताल से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। परिवार की तहरीर पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।