24 जून की दोपहर करीब दो बजे गांव रतनपुर स्थित एक स्वीमिंग पूल में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की मां ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
गांव गौमत निवासी कमलेश देवी पत्नी शिशुपाल के अनुसार 24 जून की दोपहर दो बजे उन्हें सूचना मिली कि 20 वर्षीय पुत्र रवि की रतनपुर गांव के स्वीमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई है। इस पर वह परिवार वालों के साथ मौके पर पहुंचीं। आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। स्वीमिंग पूल में इतना पानी नहीं होता कि उनका बेटा उसमें डूब जाता। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रवि की मौत से उसकी मां सहित दोनों बहनों का रोकर बुरा हाल था।