जट्टारी/हरदुआगंज। देहात क्षेत्र में चोर-लुटरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात को चोरों ने हरदुआगंज और जट्टारी में दो दुकानों के ताले चटका दिए और हजारों का माल पार कर दिया। जट्टारी क्षेत्र के गांव मरहला निवासी राजेश अग्रवाल और उसरह निवासी आलोक कुमार पार्टनर हैं उनकी जट्टारी की शांति मार्केट में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। बीती रात चोरों ने उनकी दुकान से कंप्यूटर, एलसीडी, आठ हजार रुपये, रिपेयरिंग को आए 10 मोबाइल, होम थिएटर आदि सामान पार कर दिया। एसआई चंद्रपाल सिंह का कहना है दुकान का ताला खोलकर चोरी की गई है। इसमें किसी करीबी का हाथ लग रहा है। उधर हरदुआगंज की जवाहर मार्केट में नरेंद्र कुमार का मेडिकल स्टोर है। शुक्रवार रात को चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर बैटरी, कुछ नगदी और अन्य सामान पार कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है। (ब्यूरो)