अलीगढ़। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय और यूपी बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेशीय सब जूनियर बालिका बाक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में हुुआ। पहले दिन अलीगढ़ का पंच सबसे भारी रहा। पहले दिन चार मुकबलों में तीन मैच अलीगढ़ के हुए। इनमें से दो में अलीगढ़ ने जीत दर्ज की। वहीं मेरठ और इलाहाबाद ने एक-एक मैच जीता। प्रतियोगिता में अलीगढ़ के अलावा, इलाहाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर और वाराणसी मंडल की टीमों ने भाग लिया है। पहला मुकाबला अलीगढ़ की शिवानी (50 किग्रा) और मेरठ की सोनम के बीच हुआ। शिवानी ने अपने जोरदार पंच से सोनम को 5-0 से पस्त कर दिया। दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद की शालिनी कुशवाहा (48 किग्रा) ने अलीगढ़ की निशा को 3-2 से हराया। तीसरे मुकाबले में अलीगढ़ की शिखा (50 किग्रा) ने कानपुर की आरती यादव पर जीत दर्ज की। अंतिम मुकाबला मेरठ की प्रियंका (50 किग्रा) ने इलाहाबाद की श्रष्टि से 5-0 से जीता। प्रतियोगिता का शुभारंभ एडीएम सिटी धीरेंद्र सिंह सचान और पूर्व मेयर सावित्री वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से किया। उन्हाेंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना से खेलने का आह्वान किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक तेजपाल और अलीगढ़ बा्ॅक्सिंग एसोसिएशन के सचिव सोमप्रकाश शर्मा ने सभी अतिथियाें का स्वागत किया। इस मौके पर जुरी अरुन शर्मा, अभय, अमित कुमार, मंसूर आलम, मसूद अमीन वीरेंद्र कुमार आदि थे।