अलीगढ़। मथुरा में यूनिवर्सिटी स्तर पर आयोजित महिला क्रिकेट में चैंपियन बन कर लौटी टीकाराम गर्ल्स कॉलेज की खिलाड़ियों का प्राचार्या एवं शिक्षक तथा कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया। टीम शुक्रवार देर रात को लौटी तो खिलाड़ियों को गर्ल्स हॉस्टल में रखा गया। शनिवार को कॉलेज में खुशी का माहौल था। कॉलेज की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दे रही थी। प्राचार्या डॉ. शोभा रानी कुदेशिया ने कहा कि शानदार प्रदर्शन कर छात्राओं ने कॉलेज का नाम रोशन किया है। विजेता टीम को सम्मानित किया जाएगा। टीम में कप्तान आरती सिंह के अतिरिक्त मंदाकिनी, नीरज, ज्योति गौतम, कीर्ति पालीवाल, डॉली शर्मा, पूनम, चारु वार्ष्णेय, वीरेश, मोहनी, किरण, साहना, राजुल, कविता राजपूत शामिल थी। खेलकूद प्रभारी डॉ. मंजू लता एवं डॉ. कविता यादव आदि भी इस अवसर पर मौजूद थी।