अलीगढ़। अमीरनिशा मार्केट के बीचों बीच स्थित बॉबी रेस्टोरेंट में सोमवार देर रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने भीषण रूप ले लिया और पूरा रेस्टोरेंट जलाकर राख कर दिया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है। देर रात आधा दर्जन दमकलें को साथ पुलिस-प्रशासनिक अमला आग बुझाने में जुटा हुआ था। अमीरनिशा के नैयर पैलेस में सादिक अली का बॉबी रेस्टोरेंट है। रेस्टोरेंट के ऊपर अपार्टमेंट बना हुआ है जिसमें लोग रहते हैं। देर रात करीब साढ़े 11 बजे सादिक रेस्टोरेंट को बंद करके गए। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने रेस्टोरेंट से धुएं के साथ आग की लपटें उठते देखीं। सूचना सादिक और पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। कुछ ही देर में दमकलें भी मौके पर पहुंच गई। सूचना पर विधायक जमीरउल्लाह, डीएम पंकज कुमार, एसएसपी धर्मवीर सिंह समेत पूरा पुलिस-प्रशासनिक अमला भी मौके पर एकत्रित हो गया। दमकलों से आग बुझाने का सिलसिला शुरू हुआ लेकिन आग काबू नहीं हो रही थी। एक के बाद एक आधा दर्जन दमकलों को आग बुझाने में लगाया गया। इधर अपार्टमेंट में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया। देर रात आग पर तो काबू पा लिया गया था लेकिन धुएं उठना बंद नहीं हुआ था। जिसको लेकर राहत कार्य जारी था। आग से लगभग 35 लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।