अलीगढ़ (ब्यूरो)। इसे माहौल का प्रेरणादायी असर नहीं कहें तो और क्या कहें? एएमयू प्लस टू के गत वर्ष 2 छात्र नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) के लिए चयनित हुए और अब ट्रेनिंग कर रहे हैं। इस वर्ष 10 और छात्रों ने एनडीए की लिखित परीक्षा पास कर ली है। इस परीक्षा में प्लस टू से कुल 30 छात्रों ने आवेदन किया था। एनडीए के लिए मिली इस अभूतपूर्व सफलता के बाद कैंपस में कहा जा रहा है कि कुलपति ले. जनरल (रिटा.) जमीरउद्दीन शाह की शुरू की गई मुहिम अब रंग ला रही है। लिखित परीक्षा पास करने वाले छात्रों को अब एसएसबी (स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड) से गुजरना होगा। इसमें 5 दिन तक साक्षात्कार और फिजिकल परीक्षण किया जाता है। छात्रों को फिजिकल प्रशिक्षण के लिए एएमयू परिसर में ही मैदान बनाया गया है। सह कुलपति इसकी देखरेख कर रहे हैं। इससे छात्रों को वहां के मुताबिक प्रशिक्षण प्राप्त करने में मदद मिल रही है। छात्र अपने चयन को लेकर बेहद उत्साहित हैं।