अलीगढ़। एएमयू में चल रही नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की टीम ने दिल्ली यूनिवर्सिटी को 39 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। दूसरे मैच में जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी नई दिल्ली की टीम ने प्री क्वार्टर फाइनल में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी को 135 रनों से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। रविवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम पर खेले गए मैच में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन का स्कोर खड़ा किया। कुणाल महाजन ने सर्वाधिक 37 रन बनाये। डीयू के गेंदबाज मोहम्मद सुल्तान अंसारी ने 29 रन देकर तीन विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी डीयू की टीम 35 ओवर में 141 रन पर ही सिमट गई। अमनजीत ने सर्वाधिक 48 रन बनाये। चंडीगढ़ के गुरजाल सिंह ने 23 रन देकर 4 विवेक हासिल किए। दूसरे मैच में जामिया मिल्लिया इस्लामिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 39.1 ओवर में 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। परवीन सिंह यादव ने सर्वाधिक 76 रन बनाये। इलाहाबाद के शहाब सिद्दीकी ने 42 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इलाहाबाद की पूरी टीम 27.1 ओवर में 100 रनों पर ढेर हो गई। योगेंद्र सिंह यादव ने 29 रन बनाए। जामिया के अभय नेगी व मयंक वशिष्ट ने 4-4 विवेक हासिल किए।