अलीगढ़ (ब्यूरो)। महानगर के पॉश इलाके सेंटर प्वाइंट स्थित श्यामनगर के पास बुधवार रात बाइकर्स ने युवती के साथ घूम रहे बीयूएमएस छात्र को छेड़छाड़ का विरोध करने पर चाकू घोंप दिया। चीखपुकार मचने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने घायल को दीनदयाल अस्पताल में भरती कराया। मूल रूप से संभल निवासी अली हसन का बेटा शारिक यहां अनूपशहर रोड के एक प्राइवेट कॉलेज से बीयूएमएस फाइनल ईयर कर रहा है। वह यहां जमालपुर की अल्लामहर कॉलोनी में अपनी रिश्ते की बुआ के पास रहता है। बुधवार देर शाम वह एक परिचित युवती के साथ रेलवे स्टेशन से पैदल लौट रहा था। दोनों जैसे ही श्यामनगर स्थित शराब ठेके के पास पहुंचे, तभी बाइक पर पीछे से दो युवक आए और युवती पर कमेंट कसने लगे। इसका शारिक ने तीखा विरोध किया तो बाइकर्स ने शारिक के चाकू पेट में घोंप दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइकर्स वहां से भाग गए। सूचना पर सेंटर प्वाइंट चौकी इंचार्ज ने शारिक को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन के अनुसार हमलावरों को हुलिया व बाइक के आधार पर चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि शारिक के साथ युवती के होने की पुष्टि मौके पर व अन्य लोगों ने की है, जबकि वह इस तथ्य को पहले छिपाने की कोशिश कर रहा था।