अलीगढ़ (ब्यूरो)। महावीरगंज के कारोबारी कुंवर बहादुर अग्रवाल के लिए दिवाली का तोहफा कुछ दिनों बाद ही सामने आएगा। क्योंकि यूको बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने उनके गबन की रकम में सकारात्मक रुख अपनाने का संकेत दिया है। अब तक कोयले वाली गली में इस संबंध में कोई लिखित निर्देश नहीं आया है। बैंक के प्रबंधक पीके सक्सेना ने बताया कि अभी तक इस संबंध में उनके पास कोई लिखित निर्देश या ई मेल नहीं आया है, लेकिन सकारात्मक रुख अपनाने की सूचना उन्हें मिल गई है। बोर्ड या मुख्यालय से कोई ईमेल आने के बाद ही इसकी पुष्टि होगी कि व्यापारी कुंवर बहादुर अग्रवाल को गबन हुई रकम का भुगतान किस तरह से होगा। वहीं व्यापारी के पुत्र राजीव अग्रवाल ने बताया कि संभवत: दिवाली बाद ही इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना मिल सकेगी। महावीरगंज की प्रतिष्ठित शर्टिंग फर्म के संचालक कुंवर बहादुर अग्रवाल का यूको बैंक कोयले वाली गली में खाता संचालित है जहां से 14.60 लाख रुपये निकल जाने की खबर उन्हें 23 अगस्त को मिली थी। उनके खाते से यह रकम कोटा में बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता खुलवा कर निकाले गये थे।