25वीं अंतर वाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन फुटबाल प्रतियोगिता में 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद की टीम चैंपियन बन गई। फाइनल में मुरादाबाद ने 43वीं वाहिनी पीएसी एटा को 6-1 से हराकर चल वैजयंती ट्रॉफी जीत ली।
सोमवार को 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ के मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में मुरादाबाद और एटा की टीम ने शुरू में शानदार खेल दिया, लेकिन कुछ देर में मुरादाबाद की अग्रिम पंक्ति ने हमला शुरू कर दिया। इससे एटा का रक्षात्मक घेरा टूट गया। मुरादाबाद ने एक के बाद एक छह गोल दाग दिए। एटा की टीम एक गोल कर सकी।
मुरादाबाद ने 6-1 गोल से मुकाबला जीत लिया। मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक दीपक कुमार ने विजेता टीम को चल वैजयंती ट्रॉफी प्रदान की। मीट ऑफ मार्शल सूबेदार मेजर विक्रम सिंह के नेतृत्व में जोन की टीम ने मुख्य अतिथि का मान प्रणाम किया। इससे पहले सुबह सेमीफाइनल में 43 वीं वाहिनी पीएसी एटा व 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली के बीच मैच हुआ। दोनों टीमें मैच समाप्ति तक कोई गोल नहीं कर सकी। मैच का फैसला टाईब्रेकर से हुआ। एटा ने 5-4 गोल से मैच जीत लिया। दूसरे सेमीफाइनल में 9वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद ने मेजबान 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ को 3-0 गोल से हरा दिया।
इस मौके पर सेनानायक 45वीं वाहिनी पीएसी अमित कुमार, उप सेनानायक डॉ. मनोज कुमार, सहायक सेनानायक अरुण कुमार सिंह, शिविरपाल चंद्रभान सिंह, शिविरपाल चंद्रभान सिंह, दलनायक सोमवीर सिंह, चंदन सिंह, सादिक अली, विद्याराम, सहायक शिविरपाल रविंद्र सिंह, सूबेदार सैन्य सहायक विक्रम सिंह, पीसी सर्वेश चक्रवर्ती, फखरे आलम, गौतम, राजेश कुमार, सत्यवीर सिंह आदि मौजूद रहे।