साइबर सेल व साइबर थाना द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बाद भी लोग झांसे में फंसकर साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक वाकया रामघाट रोड इलाके के परिवार संग हुआ है। केदारनाथ यात्रा के लिए ऑनलाइन एयर टिकट बुक कराने वाले परिवार संग 77 हजार रुपये की ठगी हो गई। अब इस मामले में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई है।
सर्जिकल व्यापारी रामघाट रोड के तेजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने मित्र व परिवार के सात सदस्यों के लिए केदारनाथ दर्शन का टूर प्लान किया था, चूंकि अब केदारनाथ दर्शन का अंतिम दौर चल रहा है तो वहां गुप्तकाशी से केदारनाथ तक की हवाई यात्रा के लिए पहले से ऑनलाइन टिकट बुक कराई जा रही है। उन्होंने 22 सितंबर की सात टिकट 8 सितंबर को ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर बुक की। इसके एवज में उन्होंने 77 हजार रुपये का भुगतान भी कर दिया। मगर रुपये देने के बाद पता चला कि जिस प्लेटफार्म पर बुकिंग की है। उसमें वे ठगी का शिकार हो गए हैं। इस मामले में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर साइबर थाना सुरेंद्र सिंह बताते हैं कि लगातार इस तरह के ठगी करने वाले रैकेट के विषय में एडवाइजरी जारी की जा रही है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।