अचानक ईएमयू का प्लेटफार्म बदलने से अफरातफरी
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर बुधवार दोपहर यात्री कानपुर जाने वाली ईएमयू का इंतजार कर रहे थे। करीब दो घंटे बाद ट्रेन आई, लेकिन उसका प्लेटफार्म बदल दिया गया। जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। कारण ये बताया गया कि रेलवे ट्रैक पर काम चलने के कारण कानपुर जाने वाली ईएमयू निर्धारित समय से दो घंटे लेट थी। इसलिए ट्रेन को पास कराने के लिए पांच नंबर प्लेटफार्म पर लिया गया। दो नंबर प्लेटफार्म की जगह पांच नंबर पर ट्रेन आने से यात्री ट्रैक पार कर जाने लगे थे। गनीमत थी कि उस समय कोई और ट्रेन नहीं आ रही थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इधर, दिल्ली जाने वाली अलीगढ़-पलवल पैसेंजर, स्वतंत्रता सेनानी, गोमती एक्सप्रेस रद्द रहीं। जबकि मगध एक्सप्रेस आठ घंटे, नार्थईस्ट एक्सप्रेस चार घंटे, कालका एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से आई। हावड़ा जाने वाली महाबोधि एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, लिच्छवी एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से पहुंची।