कोहरे के कारण कैंटर चालकों को ट्रक नहीं दिखा और पीछे से जाकर टकरा गईं। हादसे में कैंटर चालक अशोक कुमार (42) की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा कैंटर चालक कल्लू गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में अजब सिंह के पुत्र कल्लू उर्फ योगेंद्र (50) की भी मौत हो गई।
पीछे से आ रही एक रोडवेज बस के यात्रियों ने शोर मचाते हुए अन्य वाहनों को सतर्क करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कैंटर में फंसे घायल चालक को खिड़की तोड़ कर बाहर निकाला। वहीं, हादसे की जानकारी होते ही आसपास के सैकड़ों लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
घने कोहरे के कारण एक के बाद टकराते चली गईं गाड़ियां, मची भगदड़
सोमवार की सुबह घने कोहरे का आलम यह था कि एक के बाद एक कई गाड़ियां आपस में टकराती चली गईं। इससे सड़क पर भगदड़ एवं चीख-पुकार मच गई। यहां से कुछ ही दूरी पर एक और हादसा रोडवेज बस और मैक्स गाड़ी के बीच हो गया, जिसमें मैक्स चालक पिलखना निवासी मुजफ्फर पुत्र जाहिद घायल हो गए।
इधर, दो रोडवेज की बसें एक ट्रक में पीछे से टकरा गईं, जिससे बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए। कुछ दूरी पर गैस सिलिंडर से भरे एक कैंटर ने धान से भरे ट्रैक्टर ट्राला में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक राहुल पुत्र चुरामन निवासी भोपालगढ़ घायल हो गया। इतने में तेज रफ्तार से आ रही एक और कार कैंटर में पीछे से घुस गई।
पुलिस इस घटना को देख ही रही थी कि तभी दूसरे रोड पर एक कार की ट्रक में पीछे से घुस गई, जिसमें चालक अभिषेक के साथ कार में सवार एटा के कस्बा अवागढ़ निवासी नरेंद्र गुप्ता एवं उनकी पत्नी मिथलेश जख्मी हो गए। कुछ ही देर में रोड पर एक धमाका और हुआ जिसमें एक इनोवा कार दो ट्रकों से टकरा गई।
इसमें कार सवार संजय नगर दिल्ली निवासी अजय पुत्र धर्मपाल के साथ परिवार के नीरज, शालू, मीरा, बबीता व धीरज घायल हो गए। वहीं, कुछ देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि रोहिना सिंहपुर ओवरब्रिज पर दो रोडवेज की बस एवं कुछ कारों में टक्कर हो गई। यहां यात्रियों के साथ कार सवार छिबरामऊ निवासी आशीष पांडे व सुरेश चंद्र घायल हो गए।
दुर्घटनाग्रस्त कार से टकराकर स्कूटी सवार दंपती जख्मी
इधर, अलीगढ़ के स्वर्ण जयंती नगर निवासी अध्यापक निर्दोष कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से स्कूल जा रहे थे। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त खड़ी एक कार से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई जिसमें दंपती घायल हो गए। इसी पुल पर समय करीब आठ बजे रोड पर खड़ी एक वाहन से कैंटर की टक्कर हो गई। इसमें कैंटर चालक योगेश कुमार पुत्र कल्लू एवं अरुण घायल हो गए।
एंबुलेंस के इंतजार में सड़क पर पड़े रहे घायल, दूसरे वाहनों से भेजा अस्पताल
सोमवार की सुबह नेशनल हाईवे पर एक साथ हुए कई हादसों से पुलिस के हाथ पर फूल गए। पुलिस एक घटना को संभाल पाती तब तक दूसरी घटना हो जाती थी। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। हालांकि, एंबुलेंस के इंतजार में घायल घने कोहरे के सड़क किनारे पड़े रहे।
आसपास के लोगों ने सड़क से निकल रहे अन्य वाहनों को रोककर घायलों को इलाज के लिए भेजा। हादसे के बाद महिलाएं एवं छोटे-छोटे बच्चे काफी परेशान दिखे। यात्री ठंड में काफी देर तक सड़क किनारे ही पर ही बैठे रहे। काफी देर बाद अन्य वाहनों से सभी लोग अपने गंतव्य को रवाना हुए।