डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
एएमयू के जेएन मेडिकल कालेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. सीमा हकीम को महिला रोग के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ सेवायें अंजाम देने के लिये शारदा विश्वविद्यालय नोएडा के महिला रोग विभाग ने लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से विभूषित किया है। यह अवार्ड उन्हें इंटरनेशनल मोनोपास्ड डे के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कांफ्रेंस में शारदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पीके गुप्ता तथा उनकी धर्मपत्नी सीमा गुप्ता द्वारा प्रदान किया गया। ज्ञात हो कि प्रो. हकीम महिला एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्षा भी रह चुकी हैं तथा वर्तमान में वह सरोजनी नायडू हाल की प्रवोस्ट भी हैं। उनके शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं में प्रकाशित होते रहते हैं।