गंजडुंडवारा। देहात क्षेत्र के गंगा किनारे बसे इंद्राजशनपुर गांव में शुक्रवार को मछली पकड़ने गए युवक धर्मपाल की तालाब में डूबने से मौत हो गई। समचार लिखे जाने तक युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा गया था। युवक धर्मपाल अपने साथी राम रतन और पंजाबी के साथ मछली पकड़ने के लिए गया था। मछली पकड़ते समय उसका पैर तालाब फिसल गया, और वह गहरे पानी में चला गया। युवक को तैरना नहीं आता था। उसके साथ गए दोनों साथियों को भी तैरना नहीं आता था। जब धर्मपाल डूबने लगा तब दोनों दोस्तों ने चिल्लाकर गांव के लोगों को बुलाया। ग्रामीण जब तक घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किए धर्मपाल पानी में डूब गया था। ग्रामीणों ने उसके शव को बाहर निकाला। धर्मपाल की मौत की खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
युवक की शादी नहीं हुई थी। उसके दोनों भाई जीविकोपार्जन के लिए बाहर गए हैं। इस घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सिकंदरपुर वैश्य मौके पर पहुंचे।बाद में ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना एसडीएम कुलदीप सिंह को दी। उपजिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि भाइयों को सूचना दी गई हैं। भाइयों के आने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।