लालापुर निवासी युवक हुआ लापता
पिता ने पुत्रवधू पर लगाया गायब करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बेवर क्षेत्र के गांव लालापुर निवासी एक युवक गुजरात से गांव लौटते समय लापता हो गया। पत्नी मायके में पहुंच गई, लेकिन युवक का कोई अतापता नहीं है। पिता ने पुत्रवधू पर गायब करने का आरोप लगाते हुए थानेे में तहरीर दी है।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव लालापुर निवासी कालीचरन ने बताया कि पुत्र विनोद कुमार अपनी पत्नी के साथ सूरत गुजरात में रह रहा था। कुछ महीने पहले वह सूरत से गांव आने की बात कह निकला था। लेकिन वह घर वापस नहीं आया। पुत्र से संपर्क नहीं होने के बाद उसकी काफी तलाश की लेकिन पुत्र के बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी। थाने पहुंचे कालीचरन ने आरोप लगाया कि पुत्रवधू ने ही उनके पुत्र को कहीं गायब कर दिया है। पुत्रवधू अपने मायके जनपद इटावा में रह रही है। पीड़ित ने लापता पुत्र का पता लगाए जाने की मांग की है। तहरीर मिलने के बाद थाना पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।