फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए बृहस्पतिवार को शिकोहाबाद में युवा सड़कों पर उतर आए। आदर्श कृष्ण महाविद्यालय से जुलूस निकालते हुए तहसील तिराहे पर सड़क जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जुलूस निकालने से रोका। जब युवा नहीं माने तो पुलिस को बल प्रयोग कर उन्हें खदेड़ा। इससे कुछ देर तक भगदड़ मची रही। इस दौरान पुलिस ने छह युवाओं को पकड़ा, हालांकि बाद में अभिभावकों को बुला कर उन्हें हिदायत देते हुए छोड़ दिया।
लगा दिया जाम
आदर्श कृष्ण महाविद्यालय में बड़ी संख्या में नौजवान सेना भर्ती की तैयारी करने के लिए प्रतिदिन ग्राउंड में आते हैं। इन्हें जब यह पता चला कि अब सेना में भर्ती प्रारंभ में चार साल के अनुबंध पर होगी। वेतन भी कम मिलेगी। इन्हीं बातों से नाराज युवाओं ने जुलूस निकाला। तहसील तिराहे पहुंचने के बाद जाम लगा दिया गया।
जमकर की नारेबाजी
जानकारी होते ही थाना पुलिस ने युवाओं के जुलूस को रोका। इस दौरान युवाओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। सीओ कमलेश कुमार का कहना है कि सरकार की योजना अग्निपथ का कुछ युवाओं ने विरोध कर जुलूस निकाला था। जिन्हें समझा बुझाकर शांत करा दिया। इस दौरान कोई छात्र-युवा हिरासत में नहीं लिया गया है।
रेलवे स्टेशन व आसपास तैनात रही पुलिस फोर्स
सरकार द्वारा सेना भर्ती प्रक्रिया में बदलाव को लेकर हुए जगह-जगह हो रहे विरोध को देखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस अलर्ट रही। रेलवे स्टेशन के अलावा रेलवे परिक्षेत्र में सारे दिन भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने स्टेशन पर मौजूद व आनेजाने वाले युवकों से सघन पूछताछ भी की गई। जीआरपी प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि स्टेशन आने वाले युवकों से कड़ी पूछताछ के उपरांत ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेशन परिक्षेत्र में युवाओं के बेवजह आगमन पर पाबंदी लगा दी।