कासगंज। नदरई हजारा नहर में बुधवार रात एक युवक ने छलांग लगा दी। पीएसपी की फ्लड यूनिट व गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
ततारपुर कॉलोनी सेक्टर 228 निवासी शिवम (20) ने बुधवार रात करीब 9.30 बजे हजारा नहर में छलांग लगा दी। छोटे भाई सत्यम ने बताया कि शिवम रात में नहर के किनारे बैठकर किसी से फोन पर बात कर रहा था। वह उससे घर चलने के कह रहा था इसी बीच शिवम ने नहर में छलांग लगा दी। भाई को नहर में कूदते देख सत्यम व अमजद भी उसे बचाने के लिए नहर में कूद गए। पानी के तेज बहाव में शिवम लापता हो गया। चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग उनकी ओर दौड़े। ग्रामीणों ने नहर में कूदकर सत्यम व अमजद को बचाया। युवक के नहर में डूबने की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन व लोगाें से घटना की जानकारी ली। बृहस्पतिवार को पीएसी फ्लड यूनिट व गोताखोरों ने युवक को नहर से बरामद करने के प्रयास किए ,लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। मां सुशीला देवी और अन्य परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि नहर में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।