कुरावली। थाना कुरावली क्षेत्र में जीटी रोड पर सोमवार की रात ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस उसको लेकर रात में ही इमरजेंसी पहुंची। इमरजेंसी में डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
थाना कुरावली के गांव सूरजपुर निवासी लालू यादव (18) सोमवार को गांव से ट्रैक्टर ट्रॉली से धान बेचने के लिए मैनपुरी मंडी गया था। मंडी में धान बेचने के बाद वह रात को ट्रैक्टर से ही वापस गांव जा रहा था। जब वह रात करीब 11 बजे कुरावली क्षेत्र में जीटी रोड पर पहुंचा तभी चालक ने ट्रैक्टर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे में घायल लालू को रात में ही पुलिस लेकर अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंची। इमरजेंसी में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने लालू के परिवार वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग इमरजेंसी पहुंच गए। लालू का शव देख परिजन बिलख पड़े। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया।