चोरी की बाइक सहित युवक गिरफ्तार, परिजन ने किया विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
घिरोर। थाना पुलिस ने शनिवार को एक युवक को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया कि युवक पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं युवक के परिजन ने बताया कि सत्यापन के नाम पर थाने बुला कर झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। वह लोग एसपी से शिकायत करेंगे।
शनिवार को पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव लपगवां निवासी भोले को एक चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार दिखाते हुए चालान करने के बाद जेल भेजा। पुलिस का कहना है कि एक सूचना पर युवक को तहसील चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद हुई। जिसकी नंबर प्लेट पर बीच के नंबर मिटे हुए थे। पुलिस का कहना है कि भाेले पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं युवक की बहन नीलम का कहना है कि भाई उज्जैन में नौकरी कर रहा है। उसके ऊपर कुछ मामले चल रहे हैं, जिनमें वह जमानत करा चुका है। पुलिस ने उसे सत्पायन के नाम पर थाने बुलाया था। वहां उसे बैठाने के बाद झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेज दिया। थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज देख लिए जाएं तो सच्चाई सामने आ जाएगी। वह इस मामले में एसपी से भी शिकायत करेंगी।