मैनपुरी की बिछवां थाना क्षेत्र के गांव जैली जिरौली में दरोगा शिकायती पत्र की जांच करने पहुंचे। घर में मौजूद युवक ने खुद को सेना में नायब सूबेदार बताते हुए रौब झाड़ना शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष ने जब परिचय पत्र की जांच कराई तो वह फर्जी निकला। युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गांव जैली जिरौली निवासी सोनी के शिकायती पत्र की जांच के लिए दरोगा दर्शन सिंह बृहस्पतिवार को घर पर पहुंचे। घर से एक युवक बाहर आया और बताया कि यह उसकी ससुराल है। उसने अपना नाम नितिन कुमार निवासी मोहल्ला दशरथ रोड, थाना दशरथ महल अयोध्या बताया। खुद को सेना में सूबेदार बताते हुए रौब झाड़ने लगा। जब प्रार्थना पत्र के संबंध में पूछा तो आग बबूला हो गया।
थानाध्यक्ष अमित सिंह को जानकारी हुई, तो उन्होंने मौके पर पहुंच कर युवक से परिचय पत्र दिखाने के लिए कहा। संदेह होने पर थाने लाकर जांच की गई तो परिचय पत्र फर्जी निकला। युवक ने बताया कि उसे फर्जी परिचय पत्र बनवा रखा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।