कासगंज नगर के मुख्य बाजार बारहद्वारी के निकट पक्की गली के मोड़ पर एक सराफा कारोबारी की दुकान पर ग्राहक बनकर आया युवक दो सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया। दुकानदार ने शोर मचाया और युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग गया। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अज्ञात युवक के खिलाफ सराफा कारोबारियों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
यह वारदात देर सायं करीब 7:18 बजे हुई। युवक सत्यनरायन बिड़ला सराफ की दुकान पर पहुंचा। युवक ने कहा कि उसे अंगूठी खरीदनी है। इस पर वृद्ध कारोबारी सत्यनरायन बिड़ला ने अंगूठी भरा बॉक्स युवक को अंगूठी पसंद कराने के लिए काउंटर पर रखा। युवक कई मिनट तक अंगूठियां देखने लगा। इसी बीच अचानक मौका देखकर व बॉक्स से दो सोने की अंगूठी निकालकर भाग गया।
कारोबारी सत्यनरायन बिड़ला ने शोर मचाया और युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। बाद में सराफा कारोबारियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी कारोबारियों ने दी हैं। घटना की सूचना पर कोतवाली इंस्पेक्टर सुधीर राघव मौके पर आ गए। सीसीटीवी फुटेज आधार पर अंगूठी लेकर फरार हुए युवक की तलाश की जा रही है।