शादी समारोह में युवक को लाठी-डंडे और बैल्ट से पीटा
करहल रोड पर हुई घटना, छह लोगों के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के भदावर हाउस निवासी एक युवक बृहस्पतिवार की रात दोस्त के बुलाने पर करहल रोड पर एक शादी समारोह में गया था। वहां मौजूद नामजद लाेगों ने उसे लाठी-डंडे और बैल्ट से पीटकर घायल कर दिया। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के भदावर हाउस अध्यापक कॉलोनी निवासी अनीश भदौरिया बृहस्पतिवार की रात दोस्त आयुष राठौर निवासी मोहल्ला छपट्टी के बुलाने पर उसकी चचेरी बहन की शादी शादी समारोह में शामिल होने करहल रोड पर गया था। वहां मौजूद मोहल्ला खरगजीत नगर निवासी आकाश वर्मा, मयंक दुबे और आर्यन, मुखिया हलवाई वाली गली निवासी श्याम मोहन, बड़ा चौराहा निवासी आस्तिव और वंशीगोहरा निवासी अभिमन्यु गाली गलौज करने लगे। इन लोगों से उसकी रंजिश चल रही है। नामजद लोगों ने उसे लाठी-डंडे और बैल्टों से पीटना शुरू कर दिया। बचाने आए दोस्त आयुष राठौर की भी पिटाई की। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।