युवक की मौत के बाद मौके पर पहुंची ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जनपद के औंछा थाना क्षेत्र में रविवार रात हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद परिजनों ने बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा किया। सोमवार सुबह सपा विधायक के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसा गांव बल्लमपुर में हुआ। गोविंद कुमार (23) पुत्र सुरेश चंद्र रविवार रात करीब आठ बजे गांव के पास स्थित खेत में बाजरा की फसल की सिंचाई कर रहा था। खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। पुलिस शव उठाने गांव पहुंची, तो परिजनों ने शव नहीं उठने दिया।
ये भी पढ़ें- तस्वीरें- छह महीने बाद ताजमहल-आगरा किले में नया सवेरा, चीनी पर्यटक ने किया ताज का दीदार, बोले वाह ताज
परिजनों ने हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए मुआवजे की मांग की। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में गांव में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। समाजवादी पार्टी के सदर विधायक राजकुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद सोमवार को परिजनों ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।