कासगंज। सीजेएम न्यायालय के निर्देश पर सोरोंजी कोतवाली में न्यौली शुगर मिल के मुख्य महाप्रबंधक ने मिल के पेट्रोल पंप कर्मी के खिलाफ 20 लाख रुपये से अधिक के गबन का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। सदर कोतवाली पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
शुगर मिल के मुख्य महाप्रबंधक इशरार अहमद ने गबन का आरोप पेट्रोल पंप कर्मी सुनील शंकर अग्रवाल निवासी रंगराजन कानून गोयान बदायूं पर लगाया है। शुगरमिल के महाप्रबंधक का कहना है कि चीनी मिल का एक पेट्रोल पंप संचालित है। इस पेट्रोल पंप पर आरोपी काम करता था। पंप का सभी लेन-देन, खरीद-फरोख्त और खर्चे का हिसाब सब उसी के पास रहता था, लेकिन आरोपी ने अपनी मर्जी से पंप पर माल की बिक्री का पैसा चीनी मिल में जमा नहीं किया।
जब हिसाब-किताब का परीक्षण किया गया तो लेखा-जोखा में हेराफेरी मिली। करीब 20,07,737 रुपये की धनराशि का गबन आरोपी ने कर लिया। उन्होंने बताया कि एक पूर्व पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी पर सुनील को पंप पर नियुक्त किया गया, लेकिन आरोपी पुलिस के अधिकारी का भय व आतंक दिखाकर हिसाब-किताब देने में आनाकानी करता रहा। उन्होंने बताया कि सोरोंजी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो न्यायालय में मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस प्रार्थनापत्र की सुनवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने का आदेश न्यायालय ने दिया।