कासगंज। शहर की पाल नगर कॉलोनी में संचालित महिला एवं किसान समाज कल्याण गो रक्षा संस्था ने महिला मित्र पद के लिए नौकरी देने का नेटवर्क बनाकर सौ से अधिक महिलाओं को ठगी का शिकार बना लिया। इन महिलाओं से दस से पंद्रह हजार रुपये वसूले गए और और महिलाओं को 6000 रुपये का मानदेय देने का भरोसा दिया। अब संस्था के कर्मचारी कार्यालय बंद कर गायब हैं। महिलाओं की शिकायत पर अब सीओ सदर मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने संस्था के कार्यालय पर ताला डाल दिया है।
बुधवार को यह मामला उस समय सामने आया जब पीड़ित महिलाओं ने संस्था के कार्यालय पर जाकर धरना दिया और पुलिस से शिकायत की। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित महिलाओं से कोतवाली पुलिस ने तहरीर मांगी। महिलाओं ने सीओ सदर को धोखाधड़ी के मामले का प्रार्थना पत्र दिया। अब सीओ स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़ित महिला रूबी कुमारी, प्रेमलता, ममता देवी ने बताया कि संस्था के प्रतिनिधियों ने गांव गांव में जाकर संपर्क किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ गांव के लोगों तक पहुंचाना है। इस कार्य के लिए महिला मित्र का चयन किया जाना है। नौकरी के भरोसे पर महिलाओं ने आरोपियों को आवेदन दिए और 10-15 हजार रुपये भी दिए, लेकिन नौकरी नहीं मिली। बताया गया कि 6 महीने पहले संस्था ने कार्यालय खोला था। इस जिले के अलावा समीपवर्ती जनपद, बदायूं, अलीगढ़ एटा की महिलाओं को भी झांसे में ले लिया गया। महिलाओं का आरोप है कि संस्था पूरी तरह से फर्जी है और उन्हें धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया है। महिलाओं का मानना है कि धोखाधड़ी की शिकार महिलाओं की संख्या सौ से अधिक है। उन्होंने पुलिस से फर्जीवाड़े के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
- धोखाधड़ी की शिकार हुईं महिलाओं की शिकायत के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई है। पीड़ित महिलाओं के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पड़ताल में जो निकलकर आएगा उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कार्यालय पर ताले लगा दिए हैं। अजीत चौहान, सीओ सिटी।