कासगंज। महाशिवरात्रि पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसके लिए बड़ी संख्या में महिलाएं भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए कांवड़ भरकर ले जा रही हैं। गंगा घाट पर हजारों की संख्या में महिलाएं अपनी टोलियों के साथ कांवड़ में गंगाजल भरने पहुंचीं। श्रद्धा और आस्था के पथ पर आगे बढ़तीं महिला श्रद्धालुओं का भक्तिभाव व उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान भोलेनाथ की जय-जयकार करते हुए महिला कांवड़िया हर काफिले में नजर आ रहीं थीं। कांवड़ियों के कई दल ऐसे थे जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। महिलाओं का उत्साह देखने लायक था। वहीं कांवड़ यात्रा में कई बालिकाएं और युवतियां भी अपने परिजनों के साथ शामिल हुईं। हर कोई भगवान भोले की भक्ति में डूबा नजर आया।