पटियाली। नगर में एक गर्भवती महिला की प्रसव पीड़ा के दौरान मौत हो गई। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे डॉक्टर के यहां ले जा रहे थे। रास्ते में गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद अंतिम संस्कार के दौरान मायके पक्ष के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने शव को अर्थी से ही कब्जे में ले लिया। मामले में दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।मोहल्ला वृत्यना निवासी किशन पांडेय पुत्र लालाराम पांडेय का विवाह पांच वर्ष पूर्व बदायूं के थाना मुजरिया क्षेत्र के ग्राम परमू निवासी मुन्ना लाल की पुत्री पूनम (26) के साथ हुआ था। रविवार की रात पूनम को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे लेकर नगर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां चिकित्सक ने पूनम को रेफर कर दिया। बरेली ले जाते समय रास्ते में ही पूनम ने दम तोड़ दिया। परिजन शव को लेकर घर आ गए और मृतका पूनम के मायके पक्ष को खबर दी। मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ससुराल पक्ष पर पूनम की मौत का कारण इलाज में लापरवाही व पूनम को अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया। उस समय स्थानीय लोगों के समझाने के बाद दोनों ही परिवारों के बीच सुलह हो गई और मृतका पूनम की अर्थी तैयार कर शव को अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट पर ले गए। इसी दौरान किसी बात पर दोनों ही परिवारों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ शर्मा भारी पुलिस बल के साथ श्मशान घाट पर पहुंच गए और पूनम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूनम के भाई दीपक ने दहेज हत्या की तहरीर दी है। सीओ पटियाली राजकुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष ने ससुराली पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।